पक्के मकान की दीवार फांदकर घर में घुसे चोर, जेवरात-नकदी लेकर फरार

नवाबगंज/बहराइच। थाना नवाबगंज क्षेत्र के रामनगर गुलरिहा के मजरा मण्हवा गांव में देर रात चोरों ने एक पक्के मकान को निशाना बनाकर जेवरात और नकदी पर हाथ साफ कर दिया। घटना के बाद गांव में हड़कंप मच गया और ग्रामीणों में दहशत का माहौल है। बताया जा रहा है कि चोर घर की पीछे की दीवार फांदकर अंदर दाखिल हुए। इसके बाद उन्होंने घर में रखे बक्से को खंगाला और उसमें रखी चांदी की पायल, चुटकी समेत अन्य जेवरात, साड़ी तथा करीब तीन हजार रुपये की नकदी लेकर फरार हो गए। चोरी की जानकारी होने पर परिजनों ने मामले की सूचना पुलिस को दी। घटना के बाद आसपास के ग्रामीणों में भी सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है। ग्रामीणों का कहना है कि क्षेत्र में लगातार चोरी की घटनाएं सामने आ रही हैं। कुछ दिन पूर्व किराना दुकान का ताला काटकर चोरी की घटना के बाद अब घर में चोरी होने से रात्रि पुलिस गश्त व्यवस्था पर सवाल उठ रहे हैं। ग्रामीणों ने पुलिस प्रशासन से क्षेत्र में रात्रि गश्त बढ़ाने, संदिग्ध लोगों पर नजर रखने तथा चोरी की घटनाओं पर प्रभावी अंकुश लगाने की मांग की है।




