सोनभद्र की 103 ग्राम पंचायतों में स्थापित होंगी डिजिटल लाइब्रेरी

दैनिक बुद्ध का संदेश
सोनभद्र। जनपद की 103 ग्राम पंचायतों में डिजिटल लाइब्रेरी स्थापित की जाएगी। शासन की इस पहल का उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्र के विद्यार्थियों, युवाओं और प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी करने वाले अभ्यर्थियों को आधुनिक डिजिटल संसाधनों से जोड़ना है।जिलाधिकारी चर्चित गौड़ ने बताया कि डिजिटल लाइब्रेरी में ई-बुक्स, डिजिटल अध्ययन सामग्री, शैक्षणिक वीडियो, ऑनलाइन पाठ्यक्रम, प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी से जुड़ी सामग्री सहित अन्य ज्ञानवर्धक संसाधन उपलब्ध कराए जाएंगे। इससे ग्रामीण विद्यार्थियों को अध्ययन के लिए दूर-दराज के शहरों पर निर्भरता कम होगी।डिजिटल लाइब्रेरी से आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के विद्यार्थियों और ग्रामीण युवाओं को विशेष लाभ मिलने की उम्मीद है। ग्राम पंचायत स्तर पर शांतिपूर्ण अध्ययन का वातावरण उपलब्ध होने के साथ ही युवा इंटरनेट आधारित शैक्षणिक संसाधनों का उपयोग कर सकेंगे।प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी करने वाले युवाओं को सामान्य ज्ञान, डिजिटल पुस्तकें और ऑनलाइन अध्ययन सामग्री उपलब्ध होने से अपने लक्ष्य की तैयारी में मदद मिलेगी। 103 ग्राम पंचायतों में डिजिटल लाइब्रेरी की स्थापना को ग्रामीण क्षेत्रों में शिक्षा, तकनीक और ज्ञान की पहुंच मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।
अन्त्योदय एवं पात्र गृहस्थी कार्डधारकों को 10 से 25 सितम्बर तक मिलेगा निःशुल्क खाद्यान्न
दैनिक बुद्ध का संदेश
सोनभद्र।जिला पूर्ति अधिकारी ध्रुव गुप्ता ने अवगत कराया है कि राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा अधिनियम-2013 के अंतर्गत जनपद के अन्त्योदय एवं पात्र गृहस्थी कार्डधारकों को माह सितम्बर 2026 के खाद्यान्न का निःशुल्क वितरण 10 सितम्बर से 25 सितम्बर 2026 तक कराया जाएगा। अन्त्योदय कार्डधारकों को प्रति कार्ड 35 किलोग्राम खाद्यान्न, जिसमें 10 किलोग्राम गेहूं एवं 25 किलोग्राम फोर्टिफाइड चावल शामिल है, निःशुल्क दिया जाएगा। इसके साथ ही जुलाई, अगस्त एवं सितम्बर 2026 के सापेक्ष 3 किलोग्राम चीनी रूपया 18 प्रति किलोग्राम की दर से कुल रूपया 54 में उपलब्ध कराई जाएगी। चीनी के लिए पोर्टेबिलिटी की सुविधा उपलब्ध नहीं होगी तथा लाभार्थी अपने मूल उचित दर विक्रेता से ही चीनी प्राप्त कर सकेंगे। पात्र गृहस्थी कार्डधारकों को प्रति यूनिट 5 किलोग्राम खाद्यान्न, जिसमें 1 किलोग्राम गेहूं एवं 4 किलोग्राम फोर्टिफाइड चावल शामिल है, निःशुल्क वितरित किया जाएगा। जिन कार्डधारकों का अंगूठा बायोमेट्रिक सत्यापन में स्वीकार नहीं हो पा रहा है, उन्हें मोबाइल ओटीपी वेरिफिकेशन के माध्यम से 25 सितम्बर को खाद्यान्न प्राप्त करने की सुविधा उपलब्ध रहेगी। ई-पॉस मशीन से वितरण में समस्या होने पर प्रॉक्सी सुविधा का लाभ भी नियमानुसार दिया जाएगा। जिला पूर्ति अधिकारी ने कार्डधारकों से निर्धारित अवधि में उचित दर दुकान पर उपस्थित होकर ई-केवाईसी कराने की भी अपील की है, ताकि खाद्यान्न का लाभ निर्बाध रूप से प्राप्त होता रहे।
अपंजीकृत एवं प्रतिबंधित कीटनाशी युक्त उत्पादों की बिक्री पर रहेगी सख्त निगरानी
दैनिक बुद्ध का संदेश
सोनभद्र।जिला कृषि रक्षा अधिकारी विरेन्द्र कुमार ने अवगत कराया है कि जनपद के समस्त कीटनाशी विक्रेताओं, पेस्ट कंट्रोल ऑपरेटरों एवं संबंधित व्यापारियों को निर्देशित किया गया है कि ऐसे किसी भी उत्पाद का विक्रय, भंडारण अथवा उपयोग न करें, जिनमें अपंजीकृत अथवा प्रतिबंधित कीटनाशी रसायनों का प्रयोग किया गया हो। विशेष रूप से मच्छर भगाने वाली अगरबत्तियों एवं कॉइल उत्पादों में अपंजीकृत कीटनाशी रसायन मेपरफ्लुथ्रिन के प्रयोग को लेकर सतर्कता बरतने के निर्देश दिए गए हैं। स्वीट नाइट डायनासोर एवं कम्फर्ट ब्रांड की अगरबत्तियों/कॉइल के संबंध में भी विशेष सतर्कता बरतने को कहा गया है। ऐसे उत्पादों का विक्रय एवं उपयोग मानव स्वास्थ्य, पर्यावरण एवं विधिक प्रावधानों की दृष्टि से गंभीर विषय है। सभी संबंधित विक्रेताओं एवं पेस्ट कंट्रोल ऑपरेटरों को अपने प्रतिष्ठानों पर उपलब्ध उत्पादों का सत्यापन सुनिश्चित करने तथा किसी भी प्रकार के अपंजीकृत अथवा प्रतिबंधित कीटनाशी युक्त उत्पाद की बिक्री तत्काल बंद करने के निर्देश दिए गए हैं। उल्लंघन पाए जाने पर कीटनाशी अधिनियम, 1968 एवं कीटनाशी नियमावली, 1971 के प्रावधानों के अंतर्गत वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। आमजन से भी अपील की गई है कि संदिग्ध अथवा अपंजीकृत कीटनाशी युक्त उत्पाद की जानकारी मिलने पर निकटतम कृषि रक्षा कार्यालय को सूचित करें, ताकि आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके।
हमारी आंगनवाड़ी, हमारी जिम्मेदारी’ थीम के साथ 9वां राष्ट्रीय पोषण माह शुरू
दैनिक बुद्ध का संदेश
सोनभद्र।जिलाधिकारी चर्चित गौड़ ने अवगत कराया है कि प्रधानमंत्री जी के विजन ‘सुपोषित भारत’ (कुपोषण मुक्त भारत) को साकार करने के उद्देश्य से जनपद सोनभद्र में 9वां राष्ट्रीय पोषण माह 09 सितम्बर से 08 अक्टूबर, 2026 तक मनाया जाएगा। इस वर्ष राष्ट्रीय पोषण माह का मुख्य फोकस ‘हमारी आंगनवाड़ी, हमारी जिम्मेदारी’ निर्धारित किया गया है। अभियान के दौरान आंगनवाड़ी केन्द्रों को पोषण, देखभाल, स्वास्थ्य एवं बाल विकास से जुड़ी सामुदायिक गतिविधियों के प्रमुख केन्द्र के रूप में विकसित करने पर विशेष बल दिया जाएगा। जिलाधिकारी ने बताया कि पोषण अभियान एक बहु-विभागीय कन्वर्जेन्स आधारित जन-आंदोलन है, जिसमें प्रभावी क्रियान्वयन के लिए जनभागीदारी एवं सामुदायिक सहभागिता अत्यंत महत्वपूर्ण है। इस वर्ष भी जनपद में निर्धारित गतिविधि कैलेंडर के अनुसार व्यापक स्तर पर कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। उन्होंने बताया कि राष्ट्रीय पोषण माह के दौरान मुख्य रूप से आहार विविधता एवं पर्याप्त प्रोटीन, आंगनवाड़ी केन्द्रों पर ताजा पका भोजन, सामुदायिक स्वामित्व एवं जवाबदेही तथा बाल विकास हेतु पोषण एवं प्रारंभिक उद्दीपन जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विशेष ध्यान दिया जाएगा। इन विषयों के माध्यम से बच्चों, गर्भवती महिलाओं, धात्री माताओं एवं परिवारों को संतुलित एवं पौष्टिक आहार तथा स्वस्थ जीवनशैली के प्रति जागरूक किया जाएगा। जिलाधिकारी ने बताया कि अभियान के दौरान आंगनवाड़ी केन्द्रों पर ताजा पका भोजन बच्चों के पोषण एवं प्रारंभिक बाल्यावस्था देखभाल, सामुदायिक सहभागिता तथा आंगनवाड़ी केन्द्रों के प्रति सामुदायिक स्वामित्व की भावना को बढ़ावा देने के लिए विभिन्न गतिविधियां आयोजित की जाएंगी। साथ ही प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना के माध्यम से मातृ स्वास्थ्य एवं पात्र लाभार्थियों को उपलब्ध कराए जा रहे नकद हस्तांतरण से संबंधित जानकारी भी जनसामान्य तक पहुंचाई जाएगी। उन्होंने बताया कि निर्धारित कार्यक्रम के तहत ईसीसीई (प्रारंभिक बाल्यावस्था देखभाल एवं शिक्षा), मोटापा नियंत्रण, स्थानीय उत्पादों को बढ़ावा देने के लिए ‘वोकल फॉर लोकल’ सहित अन्य विषयों पर भी जागरूकता गतिविधियां आयोजित की जाएंगी। आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं द्वारा समुदाय के सहयोग से बच्चों एवं महिलाओं को पोषण संबंधी व्यवहार अपनाने के लिए प्रेरित किया जाएगा। जिलाधिकारी ने कहा कि राष्ट्रीय पोषण माह को केवल विभागीय कार्यक्रम तक सीमित न रखते हुए इसे जन-आंदोलन का स्वरूप दिया जाए, ताकि प्रत्येक परिवार तक पोषण, स्वास्थ्य एवं बाल विकास का संदेश पहुंच सके। उन्होंने संबंधित विभागों को निर्देशित किया कि निर्धारित गतिविधि कैलेंडर के अनुसार सभी आंगनवाड़ी केन्द्रों पर कार्यक्रमों का प्रभावी आयोजन सुनिश्चित किया जाए तथा अधिक से अधिक जनभागीदारी सुनिश्चित की जाए। जनपद सोनभद्र में 09 सितम्बर से 08 अक्टूबर 2026 तक चलने वाले राष्ट्रीय पोषण माह के अंतर्गत जनप्रतिनिधियों, संबंधित विभागों, आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं एवं समुदाय की सहभागिता से समेकित जन-कल्याण एवं जन-जागरूकता अभियान संचालित किया जाएगा। इसका उद्देश्य स्वस्थ, सुपोषित एवं सशक्त परिवार तथा बेहतर बाल विकास की दिशा में सामुदायिक सहभागिता को और मजबूत करना है।


