निर्धारित मूल्य से अधिक दाम पर यूरिया बिक्री का आरोप, भाकियू ने सौंपा 13 सूत्रीय ज्ञापन

दैनिक बुद्ध का संदेश
खेसरहा। भारतीय किसान यूनियन (टिकैत गुट) की ओर से बुधवार को खेसरहा ब्लॉक परिसर में किसान चौपाल लगाई गई। इस दौरान किसानों की विभिन्न समस्याओं को लेकर 13 सूत्रीय ज्ञापन खंड विकास अधिकारी विजय सिंह को सौंपकर शीघ्र निस्तारण की मांग की गई।जिला अध्यक्ष उपेंद्र कुमार यादव ने कहा कि ब्लॉक क्षेत्र में कई दुकानों पर किसानों को निर्धारित मूल्य से अधिक दाम पर यूरिया खाद बेचे जाने की शिकायतें मिल रही हैं। उन्होंने संबंधित अधिकारियों से दुकानों की जांच कर किसानों को निर्धारित दर पर यूरिया उपलब्ध कराने की मांग की।किसान नेताओं ने ग्राम पंचायतों में बढ़ते मच्छरों के प्रकोप को देखते हुए सभी गांवों में दवा का छिड़काव कराने की मांग की। साथ ही सरकार की निशुल्क बोरिंग योजना के तहत लगाए जा रहे पाइप की गुणवत्ता पर सवाल उठाते हुए कहा कि खराब गुणवत्ता के कारण कई किसानों की बोरिंग कुछ समय बाद ही खराब हो गई। संगठन ने पाइप की गुणवत्ता में सुधार कराने की मांग की।ज्ञापन में ब्लॉक परिसर में सभी संबंधित कर्मचारियों के नाम और मोबाइल नंबर सार्वजनिक रूप से दर्ज कराने की मांग भी की गई, ताकि ग्रामीणों को विभागीय जानकारी और अधिकारियों से संपर्क करने में परेशानी न हो। इसके अलावा ब्लॉक क्षेत्र के सामुदायिक शौचालयों की खराब स्थिति का मुद्दा उठाते हुए उनके मरम्मत कार्य और नियमित संचालन की मांग की गई।भाकियू पदाधिकारियों ने चेतावनी दी कि समस्याओं का समय रहते निस्तारण नहीं किया गया तो संगठन धरना-प्रदर्शन करने के लिए बाध्य होगा। इस दौरान रामकुमार यादव, अनिल मौर्य, राजाराम लोधी, भूपेंद्र सिंह, घनश्याम और हाफिज अहमद समेत अन्य किसान मौजूद रहे।




