युवा संवाद में राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान

दैनिक बुद्ध का संदेश
सिद्धार्थनगर।देश के युवा भारत की वास्तविक शक्ति हैं और युवाओं के कंधों पर ही राष्ट्र का भविष्य टिका है। युवाओं को शिक्षित, शालीन एवं संस्कारवान बनकर अपनी ऊर्जा को देश और समाज के उत्थान में लगाना चाहिए। युवाओं को राष्ट्रभक्ति के ज्वार को राष्ट्रशक्ति में परिवर्तित कर राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भूमिका निभानी होगी। यह बातें राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) सिद्धार्थनगर के जिला प्रचारक राघवेंद्र ने बुधवार को चंद्रावती कॉलेज ऑफ नर्सिंग एंड पैरामेडिकल साइंस, सिद्धार्थनगर के विशाल सभागार में आयोजित ‘युवा संवाद’ कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहीं।राघवेंद्र ने कहा कि युवाओं की सक्रिय और सकारात्मक सहभागिता से ही भारत को विश्व में उसके गौरवपूर्ण एवं नेतृत्वकारी स्थान पर पुनः प्रतिष्ठित किया जा सकता है। उन्होंने युवाओं से अपनी क्षमता और ऊर्जा को सकारात्मक दिशा में लगाने तथा राष्ट्रहित को सर्वाेच्च प्राथमिकता देने का आह्वान किया।उन्होंने कहा कि युवाओं को महर्षि अरविंद, नेताजी सुभाष चंद्र बोस, स्वामी विवेकानंद, शहीद भगत सिंह सहित देश के महान क्रांतिकारियों एवं महापुरुषों के जीवन से प्रेरणा लेनी चाहिए। केवल महापुरुषों के जीवन को पढ़ना पर्याप्त नहीं है, बल्कि उनके विचारों, आदर्शों और जीवन-मूल्यों को अपने व्यवहार एवं आचरण में उतारना भी जरूरी है। जिला प्रचारक ने कहा कि भारतीय संस्कृति अपने बड़ों के प्रति सम्मान, संयम, अनुशासन और कर्तव्यबोध की शिक्षा देती है। युवाओं को अपनी मातृभूमि, समाज, संस्कृति एवं परंपराओं के प्रति सजग रहते हुए सकारात्मक भूमिका निभानी चाहिए। उन्होंने कहा कि आज आवश्यकता इस बात की है कि युवा केवल समस्याओं की चर्चा करने तक सीमित न रहें, बल्कि उनके समाधान का हिस्सा बनें और समाज एवं राष्ट्र के सर्वांगीण विकास में अपना योगदान दें।कार्यक्रम में बड़ी संख्या में युवाओं ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की। संवाद के दौरान युवाओं ने विभिन्न विषयों को लेकर अपनी जिज्ञासाएं और सवाल रखे, जिनका राघवेंद्र ने समाधान किया। संवाद से प्रेरित युवाओं ने प्राप्त विचारों को अपने जीवन में उतारने तथा समाज और राष्ट्र निर्माण में सक्रिय योगदान देने का संकल्प लिया।कार्यक्रम का संचालन उसका खंड के युवा कार्यक्रम संयोजक सुमित ने किया। मंच पर जिला संयोजक युवा कार्यक्रम एवं महाविद्यालयीन कार्य प्रमुख सौरभ तथा महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. सोवरन सिंह मौजूद रहे। इस अवसर पर राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ नौगढ़ नगर के शारीरिक शिक्षण प्रमुख सुरेश रैना सहित महाविद्यालय के शिक्षक, संघ के कार्यकर्ता और बड़ी संख्या में युवा उपस्थित रहे।


