किसानों की मांगों को लेकर कलेक्ट्रेट में अनिश्चितकालीन धरना जारी

बहराइच। भारतीय किसान यूनियन अराजनैतिक इकाई बहराइच की ओर से 25 अगस्त 2026 को कलेक्ट्रेट स्थित धरना स्थल पर मासिक पंचायत आयोजित की गई। पंचायत में जून और जुलाई माह में किसानों की समस्याओं को लेकर दिए गए ज्ञापन पत्रों पर अब तक की गई कार्रवाई का लिखित विवरण मांगा गया।
किसान नेताओं के मुताबिक, मौके पर संबंधित अधिकारियों के उपस्थित न होने के कारण पंचायत के बाद धरने को अनिश्चितकालीन में तब्दील कर दिया गया। बुधवार को धरने के दूसरे दिन भी किसान अपनी मांगों को लेकर कलेक्ट्रेट स्थित धरना स्थल पर डटे रहे।
धरने का नेतृत्व भारतीय किसान यूनियन अराजनैतिक के जिला अध्यक्ष प्रमोद तिवारी, जिला सचिव रामगोपाल प्रजापति और जिला महामंत्री संतोष कुमार जायसवाल कर रहे हैं। किसान नेताओं ने कहा कि पूर्व में दिए गए ज्ञापनों पर अधिकारियों द्वारा की गई कार्रवाई का स्पष्ट लिखित विवरण उपलब्ध कराया जाए तथा किसानों की समस्याओं का धरातल पर समाधान किया जाए।
पदाधिकारियों ने स्पष्ट किया कि जब तक किसानों की समस्याओं का वास्तविक समाधान नहीं होता, तब तक धरना और संघर्ष जारी रहेगा। किसानों ने प्रशासन से उनकी मांगों पर शीघ्र प्रभावी कार्रवाई किए जाने की मांग की है।



