सावन के चौथे सोमवार पर बाबा मटेश्वर नाथ धाम में उमड़ा आस्था का सैलाब

दैनिक बुद्ध का संदेश
सिद्धार्थनगर। सावन के चौथे सोमवार को मिठवल बाजार स्थित बाबा मटेश्वर नाथ धाम में श्रद्धा और भक्ति का अद्भुत नजारा देखने को मिला। सुबह से ही मंदिर में श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ पड़ी। भस्म आरती के दौरान हर-हर महादेव और बम-बम भोले के जयकारों से पूरा मंदिर परिसर गूंज उठा। इसके बाद बाबा मटेश्वर नाथ को विधि-विधान से छप्पन प्रकार के व्यंजनों का भोग अर्पित किया गया। भस्म आरती में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने शामिल होकर भगवान भोलेनाथ का दर्शन-पूजन किया। आरती के बाद बाबा को छप्पन भोग लगाया गया और श्रद्धालुओं में प्रसाद वितरित किया गया। इस दौरान मंदिर परिसर में भक्तों की भारी भीड़ रही। श्रद्धालुओं ने भगवान शिव से परिवार की सुख-शांति, समृद्धि और खुशहाली की कामना की। गाजे-बाजे और भक्ति गीतों के बीच आयोजित कार्यक्रम में पूरा वातावरण शिवमय नजर आया। महिला, पुरुष और बच्चों ने भी उत्साहपूर्वक सहभागिता की। मंदिर परिसर में लगातार हर-हर महादेव और बोल बम के जयकारे गूंजते रहे। छप्पन भोग कार्यक्रम में बाबा विष्णु गिरी, श्याम पाठक, अरुण दुबे, बजरंग दल के सहसंयोजक शुभम त्रिपाठी, अंशनाथ त्रिपाठी, मोहित पासवान, रेवती रमण, संतोष गिरी और शुभम पाठक सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे। सावन के चौथे सोमवार पर आयोजित इस धार्मिक कार्यक्रम के चलते मिठवल बाजार सहित आसपास के क्षेत्र में दिनभर भक्तिमय माहौल बना रहा। भस्म आरती, पूजन-अर्चन, छप्पन भोग और भक्ति गीतों के बीच बाबा मटेश्वर नाथ धाम श्रद्धालुओं के लिए आस्था और आध्यात्मिक उल्लास का प्रमुख केंद्र बना रहा।




