एएसपी ने भारी पुलिस बल के साथ शोहरतगढ़ कस्बे में किया फ्लैग मार्च

दैनिक बुद्ध का संदेश
शोहरतगढ़/ सिद्धार्थनगर। बारावफात सहित आगामी त्योहारों को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण माहौल में संपन्न कराने के लिए मंगलवार को पुलिस प्रशासन ने कस्बे में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी। अपर पुलिस अधीक्षक प्रशांत कुमार प्रसाद और क्षेत्राधिकारी मयंक द्विवेदी के नेतृत्व में भारी पुलिस बल ने शोहरतगढ़ कस्बे समेत नीबी दोहनी, गड़ाकुल और प्रमुख मार्गों पर फ्लैग मार्च कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। अपर पुलिस अधीक्षक प्रशांत कुमार प्रसाद ने कहा कि बारावफात को लेकर शोहरतगढ़ पुलिस पूरी तरह अलर्ट मोड पर है। क्षेत्राधिकारी मयंक द्विवेदी और प्रभारी निरीक्षक नवीन कुमार सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम लगातार क्षेत्र में भ्रमण कर रही है। जुलूस के निर्धारित मार्गों का निरीक्षण किया जा रहा है और ड्रोन कैमरे के माध्यम से छतों एवं अन्य संवेदनशील स्थानों पर भी निगरानी रखी जा रही है। उन्होंने कहा कि अराजक तत्वों पर पुलिस की लगातार नजर है और त्योहार को सकुशल संपन्न कराने के लिए सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। क्षेत्राधिकारी मयंक द्विवेदी ने स्थानीय लोगों से अपील की कि सभी लोग त्योहार को आपसी भाईचारे और सौहार्द के साथ मनाएं। किसी भी तरह की ऐसी गतिविधि न करें, जिससे कानून-व्यवस्था प्रभावित हो। प्रभारी निरीक्षक नवीन कुमार सिंह ने कहा कि लोग किसी भी अफवाह पर ध्यान न दें और सोशल मीडिया पर भ्रामक या आपत्तिजनक संदेशों को प्रसारित करने से बचें। उन्होंने संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को देने की अपील की। प्रभारी निरीक्षक नवीन कुमार सिंह की मौजूदगी में पुलिस टीम ने कस्बे के विभिन्न मार्गों, बाजारों और जुलूस मार्गों पर पैदल भ्रमण किया। फ्लैग मार्च के दौरान कस्बे के जामा मस्जिद सादर अल्ताफ हुसैन, मुस्ताक अहमद, नियाज़ अहमद सहित वरिष्ठ निरीक्षक सुभाष चंद्र यादव, उपनिरीक्षक संतोष कुमार यादव, रामबदन यादव, राजकुमार यादव, सुनील त्रिपाठी, हेड कांस्टेबल दिनेश यादव, प्रभाकर, सतीश कुमार सिंह, दयानंद यादव, राधेश्याम चौहान, कांस्टेबल रामकरन निषाद सहित भारी संख्या में पुलिसकर्मी मौजूद रहे।




