झाड़ू लगा रही महिला को सांप ने डसा, मौत
खेसरहा थाना क्षेत्र के सकरापार पुलिस चौकी अंतर्गत महुलानी गांव का मामला
खेसरहा थाना क्षेत्र के सकरापार पुलिस चौकी अंतर्गत महुलानी गांव में मंगलवार सुबह घर की सफाई कर रही एक महिला को जहरीले सांप ने डस लिया। हालत बिगड़ने पर परिजन उसे आनन-फानन में माधव प्रसाद त्रिपाठी मेडिकल कॉलेज लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।
जानकारी के अनुसार महुलानी गांव निवासी पुष्पावती देवी (63) मंगलवार सुबह करीब पांच बजे सोकर उठीं और घर के एक कमरे में झाड़ू लगाने लगीं। बताया जा रहा है कि कमरे के एक कोने में पहले से बैठा कोबरा अचानक बाहर निकला और महिला को डस लिया। सांप के डसते ही पुष्पावती देवी की हालत बिगड़ने लगी। घटना की जानकारी मिलते ही परिजन उन्हें तत्काल इलाज के लिए मेडिकल कॉलेज लेकर रवाना हुए।
अस्पताल पहुंचने पर चिकित्सकों ने महिला की जांच की, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मौत की खबर मिलते ही परिजनों में चीख-पुकार मच गई और परिवार में मातम छा गया।
ग्रामीणों के अनुसार घटना के बाद गांव में भी शोक का माहौल है। मृतका के पति रमाझा अभी जीवित हैं। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। स्थानीय लोगों ने सर्पदंश की घटनाओं में समय गंवाए बिना पीड़ित को तत्काल अस्पताल पहुंचाने की जरूरत बताई है। सर्पदंश के मामलों में समय पर चिकित्सा उपचार बेहद महत्वपूर्ण होता है।



