‘युवा ही देश की सबसे बड़ी ताकत’, RSS की गोष्ठी में खेसरहा
छात्रों से राष्ट्र निर्माण पर संवाद

खेसरहा। रमवापुर स्थित सरदार पटेल राजमती देवी इंटर कॉलेज में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) की ओर से युवा गोष्ठी का आयोजन किया गया। गोष्ठी में बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं ने भाग लिया। कार्यक्रम का उद्देश्य युवाओं को राष्ट्र, समाज, संस्कृति और सामाजिक जिम्मेदारियों के प्रति जागरूक करने के साथ उनके मन में उठ रहे सवालों पर संवाद स्थापित करना रहा।
कार्यक्रम में सिद्धार्थनगर विभाग प्रचारक राजीव नयन मुख्य वक्ता रहे। उन्होंने युवाओं को संबोधित करते हुए कहा कि युवा देश की सबसे बड़ी ताकत हैं। युवाओं को अपनी ऊर्जा, प्रतिभा और समय का सदुपयोग करते हुए समाजहित के कार्यों में योगदान देना चाहिए। उन्होंने अनुशासन, संस्कार, परिश्रम और सामाजिक जिम्मेदारी को जीवन का महत्वपूर्ण हिस्सा बनाने का आह्वान किया।
गोष्ठी के दौरान छात्र-छात्राओं ने विभिन्न विषयों पर वक्ताओं के सामने अपनी जिज्ञासाएं और सवाल रखे। वक्ताओं ने विद्यार्थियों की बातों को गंभीरता से सुना और संवाद के माध्यम से उनके सवालों का समाधान करने का प्रयास किया। छात्रों की सक्रिय भागीदारी और सवाल पूछने की तत्परता कार्यक्रम का प्रमुख आकर्षण रही।
इस अवसर पर जिला संघचालक दिनेश, बांसी के जिला प्रचारक अवनीश, विद्यालय प्रबंधक दीनानाथ चौधरी, खंड कार्यवाह भीम, राजीव मिश्रा समेत संघ के पदाधिकारी, कार्यकर्ता, शिक्षक और छात्र-छात्राएं मौजूद रहे।
गोष्ठी के दौरान वक्ताओं ने कहा कि शिक्षित और संस्कारवान युवा ही समाज को सही दिशा देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं। कार्यक्रम के समापन पर राष्ट्र और समाज के प्रति सकारात्मक दृष्टिकोण के साथ कार्य करने का संदेश दिया गया। गोष्ठी का समापन ‘वंदे मातरम्’ के उद्घोष के साथ हुआ।




