गोरखपुर        महराजगंज        देवरिया        कुशीनगर        बस्ती        सिद्धार्थनगर        संतकबीरनगर       
उत्तर प्रदेशबलरामपुरब्रेकिंग न्यूज़

बलरामपुर में चीनी का पर्याप्त स्टॉक, कीमतों पर रहेगी नजर

थोक मूल्य में कमी का लाभ उपभोक्ताओं तक पहुंचाने के निर्देश, जमाखोरी पर होगी कार्रवाई

दैनिक बुद्ध का संदेश
बलरामपुर, 24 अगस्त 2026 जनपद में चीनी की उपलब्धता और बाजार मूल्य को लेकर जिलाधिकारी डॉ. विपिन कुमार जैन की अध्यक्षता में बैठक आयोजित की गई। इसमें चीनी के स्टॉक, चीनी मिलों से आपूर्ति, थोक एवं फुटकर बिक्री मूल्य की समीक्षा की गई। बैठक में जिला पूर्ति अधिकारी, जिला खाद्य विपणन अधिकारी, जिला गन्ना अधिकारी, उपायुक्त व्यापार कर, सचिव कृषि उत्पादन मंडी समिति सहित जनपद की तीनों चीनी मिलों के प्रतिनिधि मौजूद रहे। चीनी मिल प्रतिनिधियों ने बताया कि मिलों के भंडारगृहों में पर्याप्त स्टॉक उपलब्ध है। साथ ही चीनी के थोक बिक्री मूल्य में भी कमी आई है। करीब 10 दिन पहले थोक मूल्य 5700 से 5750 रुपये प्रति क्विंटल था, जो 24 अगस्त को घटकर लगभग 5300 से 5400 रुपये प्रति क्विंटल हो गया। डीएम ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि थोक मूल्य में कमी का लाभ फुटकर विक्रेताओं के माध्यम से आम उपभोक्ताओं तक पहुंचे। इसके लिए बाजार में चीनी के थोक और फुटकर मूल्य की नियमित निगरानी करने को कहा गया। 30 नवंबर तक लागू रहेगी स्टॉक लिमिट बैठक में बताया गया कि भारत सरकार की अधिसूचना के अनुसार चीनी डीलरों पर 1 अगस्त से 30 नवंबर 2026 तक स्टॉक लिमिट लागू है। इसके तहत कोई डीलर स्टॉक प्राप्त होने की तारीख से 30 दिन से अधिक समय तक चीनी का भंडारण नहीं कर सकेगा और किसी भी समय 4000 क्विंटल से अधिक स्टॉक नहीं रख सकेगा। सभी डीलरों के लिए निर्धारित पोर्टल पर पंजीकरण कर स्टॉक की स्थिति घोषित करना तथा प्रत्येक शुक्रवार उसे अपडेट करना अनिवार्य है। आयुक्त खाद्य एवं रसद विभाग की सूची के अनुसार बलरामपुर में चीनी के तीन अधिकृत स्टॉकिस्ट हैं। डीएम ने सभी थोक व्यापारियों और कारोबारियों का पोर्टल पर पंजीकरण सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए। जमाखोरी पर होगी सख्त कार्रवाई जिलाधिकारी ने चीनी के थोक व्यापारियों के स्टॉक की आकस्मिक जांच कराने के निर्देश दिए। निर्धारित सीमा से अधिक भंडारण, जमाखोरी या कालाबाजारी पाए जाने पर आवश्यक वस्तु अधिनियम के तहत कठोर कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि बाजार में कृत्रिम कमी उत्पन्न न होने पाए और कीमतों पर लगातार नजर रखी जाए। प्रशासन ने स्पष्ट किया कि जनपद में चीनी की कोई कमी नहीं है। सोशल मीडिया पर चीनी की उपलब्धता या कीमतों को लेकर प्रसारित भ्रामक सूचनाओं और अफवाहों पर ध्यान न देने की अपील की गई है। आमजन अपनी आवश्यकता के अनुसार खुले बाजार से चीनी खरीद सकते हैं। प्रशासन द्वारा उपलब्धता, स्टॉक और बाजार मूल्य की नियमित निगरानी की जा रही है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button