सरकार की योजनाओं को जन-जन तक पहुंचाएं कार्यकर्ता रू शिवशक्ति
भाजपा शक्ति केंद्र की मासिक बैठक में संगठन मजबूती और सरकार की योजनाओं के प्रचार-प्रसार पर हुई चर्चा

दैनिक बुद्ध का संदेश
शोहरतगढ़/ सिद्धार्थनगर। भारतीय जनता पार्टी मंडल शोहरतगढ़ के शक्ति केंद्र शोहरतगढ़ की मासिक बैठक सोमवार को स्थानीय श्रीराम जानकी मंदिर परिसर में शक्ति केंद्र संयोजक मनोज तिवारी की अध्यक्षता में आयोजित की गई। बैठक में संगठन को मजबूत बनाने के साथ ही केंद्र एवं प्रदेश सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को आमजन तक पहुंचाने की रणनीति पर चर्चा हुई। बैठक को संबोधित करते हुए भाजपा मंडल अध्यक्ष शिवशक्ति शर्मा ने कहा कि कार्यकर्ता संगठन की सबसे मजबूत कड़ी हैं। डबल इंजन की विकासोन्मुखी सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं और उपलब्धियों को गांव-गांव तक पहुंचाना कार्यकर्ताओं की जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि कार्यकर्ता घर-घर संपर्क कर पात्र लोगों को सरकार की योजनाओं की जानकारी दें, ताकि कोई भी पात्र व्यक्ति योजनाओं के लाभ से वंचित न रहे। उन्होंने संगठन को बूथ स्तर तक और अधिक मजबूत बनाने पर जोर देते हुए कहा कि कार्यकर्ता आपसी समन्वय के साथ पार्टी की नीतियों और सरकार के विकास कार्यों को जनता तक पहुंचाएं। केंद्र और प्रदेश सरकार द्वारा शिक्षा, स्वास्थ्य, सड़क, आवास, किसान, महिला एवं युवा वर्ग के लिए संचालित योजनाओं की जानकारी लोगों को देने की जरूरत है। बैठक में संगठनात्मक गतिविधियों की समीक्षा करते हुए आगामी कार्यक्रमों को लेकर भी कार्यकर्ताओं के साथ विचार-विमर्श किया गया। पदाधिकारियों ने बूथ स्तर पर संपर्क अभियान को प्रभावी बनाने तथा अधिक से अधिक लोगों को पार्टी की विचारधारा से जोड़ने पर जोर दिया। इस अवसर पर मंडल महामंत्री रामकुमार त्रिपाठी, नंदू गौड़, बूथ अध्यक्ष जगन्नाथ सिंह, रत्नेश चौधरी, वासुदेव शर्मा, अनिल मध्येशिया, महेश कसौधन, सुभाष अग्रहरि, प्रदीप मध्येशिया सहित बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता मौजूद रहे।



