
सनराइज पब्लिक स्कूल, बेलवा लगुनही में शिक्षक दिवस के अवसर पर शुक्रवार को उत्साह और उमंग का माहौल देखने को मिला। हर वर्ष की भांति इस बार भी विद्यालय में शिक्षक दिवस समारोह पूरे हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। छात्र-छात्राओं ने अपने गुरुजनों के प्रति सम्मान और कृतज्ञता का भाव प्रकट करते हुए विविध कार्यक्रम प्रस्तुत किए।
कार्यक्रम में विद्यार्थियों की प्रस्तुतियों ने खूब तालियां बटोरीं। बच्चों ने गीत, भाषण और सांस्कृतिक कार्यक्रमों के माध्यम से शिक्षकों के प्रति अपने भाव व्यक्त किए। विद्यालय परिसर में पूरे दिन उत्सव जैसा माहौल बना रहा।
विद्यालय के प्रबंधक अमित पांडेय ने कहा कि शिक्षक समाज के निर्माण की सबसे मजबूत कड़ी हैं। शिक्षक विद्यार्थियों को केवल किताबी ज्ञान नहीं देते, बल्कि उनके व्यक्तित्व को गढ़कर उन्हें जीवन की चुनौतियों का सामना करने के लिए तैयार करते हैं। उन्होंने कहा कि गुरु का सम्मान भारतीय संस्कृति की गौरवशाली परंपरा रही है और नई पीढ़ी को इस परंपरा से जोड़ना हम सभी की जिम्मेदारी है।
उन्होंने विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि जीवन में सफलता हासिल करने के लिए शिक्षकों के मार्गदर्शन और उनके बताए आदर्शों को आत्मसात करना बेहद जरूरी है।
समारोह के दौरान विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाओं और छात्र-छात्राओं की मौजूदगी ने कार्यक्रम की गरिमा बढ़ाई। अंत में सभी शिक्षकों को शिक्षक दिवस की शुभकामनाएं दी गईं।



