गोरखपुर        महराजगंज        देवरिया        कुशीनगर        बस्ती        सिद्धार्थनगर        संतकबीरनगर       
उत्तर प्रदेशसिद्धार्थनगर

हाईटेंशन लाइन की चपेट में आने से संविदा कर्मी की मौत

दैनिक बुद्ध का संदेश
इटवा। बुधवार शाम करीब 4.30 बजे पटना विशुनपुर गांव में हाईटेंशन लाइन की चपेट में आने से 30 वर्षीय संविदा कर्मी संजोग यादव की मौत हो गई। बताया गया कि संजोग गांव में सांप को मारने के लिए लोहे का पाइप उठा रहे थे। इसी दौरान पाइप ऊपर से गुजर रही 11 हजार वोल्ट की हाईटेंशन बिजली लाइन से छू गया। करंट लगते ही वह गंभीर रूप से झुलसकर बेहोश होकर गिर पड़े।हादसे के बाद आसपास मौजूद ग्रामीणों में हड़कंप मच गया। ग्रामीणों ने किसी तरह संजोग को बिजली लाइन के संपर्क से अलग किया और आनन-फानन में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र इटवा पहुंचाया। डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। घटना की जानकारी मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया और परिजन रोते-बिलखते अस्पताल पहुंचे।सूचना मिलने पर इटवा पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस आवश्यक कानूनी कार्रवाई में जुटी है। हादसे की जानकारी के बाद गांव में भी शोक की लहर दौड़ गई। बड़ी संख्या में ग्रामीण मृतक के घर पहुंचे और परिजनों को ढांढस बंधाया।बताया गया कि संजोग यादव संविदा पर काम करते थे और परिवार की जिम्मेदारी उन्हीं के कंधों पर थी। वह अपने पीछे चार साल की बेटी और दो साल के बेटे को छोड़ गए हैं। पति की मौत की खबर सुनकर पत्नी का रो-रोकर बुरा हाल है, वहीं मां भी बेटे की मौत से सदमे में है। ग्रामीणों ने प्रशासन से पीड़ित परिवार को हरसंभव आर्थिक मदद दिलाने की मांग की है।ग्रामीणों का कहना है कि हाईटेंशन लाइन के नीचे या आसपास काम करते समय विशेष सावधानी बरतने की जरूरत है। लोहे की लंबी वस्तु ऊपर उठाने पर उसके विद्युत लाइन के संपर्क में आने का खतरा रहता है। हादसे के बाद गांव में हाईटेंशन लाइन की सुरक्षा को लेकर भी चिंता बढ़ गई है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button