अपराधउत्तर प्रदेशब्रेकिंग न्यूज़राज्यसिद्धार्थनगर
विकासखंड खेसरहा में मनरेगा में 148 मजदूरों की फर्जी हाजिरी का आरोप, जांच की मांग

खेसरहा। विकास खंड खेसरहा की ग्राम पंचायत बनकटा प्रथम में मनरेगा कार्यों में कथित अनियमितता का मामला सामने आया है। आजाद अधिकार सेना के क्षेत्रीय उपाध्यक्ष (पूर्वांचल) जितेंद्र कुमार पांडेय ने एनएमएमएस (NMMS) ऐप के माध्यम से फर्जी उपस्थिति दर्ज करने और फर्जी मस्टर रोल जारी किए जाने का आरोप लगाते हुए उच्च अधिकारियों से शिकायत की है।
शिकायतकर्ता के अनुसार ग्राम पंचायत में मनरेगा के तहत संचालित कार्य “ब्रह्मानंद के घर के पास गड्ढे की खुदाई” में गंभीर अनियमितताएं हुई हैं। आरोप है कि 1 जून से 8 जून 2026 के बीच जारी मस्टर रोल संख्या 1143 से 1157 में एनएमएमएस ऐप पर 148 मजदूरों की उपस्थिति दर्ज की गई, जबकि मौके पर केवल 12 से 15 मजदूर ही कार्य करते दिखाई दिए। शिकायत में यह भी कहा गया है कि 5 जून से 8 जून के बीच कार्यस्थल पर कोई मजदूर मौजूद नहीं था, इसके बावजूद प्रतिदिन 148 मजदूरों की उपस्थिति दर्ज कर फोटो अपलोड किए गए।जितेंद्र कुमार पांडेय ने निदेशक ग्रामीण विकास विभाग, मनरेगा आयुक्त लखनऊ, जिलाधिकारी सिद्धार्थनगर तथा डीसी मनरेगा को ई-मेल के माध्यम से शिकायत भेजकर मामले की उच्चस्तरीय जांच कराने और दोषियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज करने की मांग की है। उन्होंने एनएमएमएस ऐप पर अपलोड तस्वीरों का वास्तविक मजदूरों से मिलान कराने तथा उपस्थिति दर्ज करने में इस्तेमाल मोबाइल और डिवाइस की तकनीकी जांच कराने की भी मांग उठाई है।वहीं, पंचायत विकास अधिकारी विकास चौधरी ने बताया कि शिकायत की जानकारी मिली है। मामले की जांच कराई जाएगी और यदि किसी प्रकार की अनियमितता पाई जाती है तो नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।



