रामसर दर्जे की ओर बढ़ता ताल बघेल: डीएम अक्षय त्रिपाठी की बैठक में बनी रणनीति

बहराइच पयागपुर। जिलाधिकारी अक्षय त्रिपाठी की अध्यक्षता में जिला स्तरीय वेटलैंड समिति की बैठक आयोजित की गई, जिसमें जनपद के महत्वपूर्ण आर्द्रभूमि क्षेत्रों के संरक्षण एवं विकास पर विस्तार से विचार-विमर्श किया गया। बैठक में विशेष रूप से पयागपुर क्षेत्र में स्थित ताल बघेल को रामसर साइट घोषित किए जाने की संभावनाओं पर चर्चा हुई।
अधिकारियों द्वारा बताया गया कि किसी भी वेटलैंड को रामसर सूची में शामिल करने के लिए जैव विविधता, पारिस्थितिकी महत्व, जलपक्षियों की उपस्थिति तथा अंतरराष्ट्रीय मापदंडों को पूरा करना आवश्यक होता है। इसी क्रम में ताल बघेल की वर्तमान स्थिति, पारिस्थितिकीय महत्व और संरक्षण की आवश्यकता पर विस्तृत समीक्षा की गई।
जिलाधिकारी ने मत्स्य विभाग को निर्देशित किया कि तालाब के भौतिक स्टेटस का विस्तृत आकलन करते हुए एक विस्तृत परियोजना रिपोर्ट (DPR) तैयार की जाए। इस डीपीआर में जल गुणवत्ता, क्षेत्रफल, जैव विविधता, जल स्रोत, तथा संरक्षण एवं विकास से जुड़े सभी पहलुओं को शामिल किया जाए, ताकि भविष्य में इसे रामसर साइट घोषित कराने की प्रक्रिया को आगे बढ़ाया जा सके।
बैठक में संबंधित विभागों के अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए समयबद्ध ढंग से आवश्यक कार्यवाही सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए।


