पुश्तैनी जमीन पर मकान निर्माण को लेकर विवाद, सात घायल

दैनिक बुद्ध का संदेश
सिद्धार्थनगर। उसका बाजार थाना क्षेत्र के छोटी ऊंचहरिया गांव में बुधवार को पुश्तैनी जमीन पर मकान निर्माण को लेकर दो पक्षों के बीच विवाद हो गया। निर्माण कार्य के दौरान दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए। कहासुनी के बाद मामला मारपीट तक पहुंच गया। घटना में दोनों पक्षों के कुल सात लोग घायल हो गए। इनमें तीन की हालत गंभीर बताई जा रही है, जिन्हें प्राथमिक उपचार के बाद मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया।बताया जा रहा है कि विवाद रामदेव विश्वकर्मा और तौलन विश्वकर्मा के परिवारों के बीच पुश्तैनी जमीन पर मकान निर्माण को लेकर हुआ। निर्माण कार्य चल रहा था, इसी दौरान दोनों पक्षों में जमीन को लेकर कहासुनी शुरू हो गई। देखते ही देखते विवाद बढ़ गया और दोनों पक्षों के बीच मारपीट हो गई।मारपीट में रामदेव पक्ष की किसलावती, रामसुंदर और रामसागर गंभीर रूप से घायल हुए। तीनों को इलाज के लिए मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया है। इसी पक्ष के वंशराज और वसुंधरा को भी चोटें आई हैं।वहीं दूसरे पक्ष से तौलन विश्वकर्मा और उनकी पत्नी सरस्वती घायल हुए हैं। दोनों के सिर में चोट लगने की जानकारी सामने आई है। घटना के बाद गांव में तनाव का माहौल बन गया। ग्रामीणों ने मामले की सूचना पुलिस को दी।रामदेव पक्ष का आरोप है कि संबंधित जमीन का बंटवारा पहले ही परिवार के बीच हो चुका था। इसके बावजूद तौलन पक्ष उनकी ओर निर्माण कार्य करा रहा था। निर्माण कार्य रोकने को लेकर दोनों पक्षों में विवाद हुआ, जिसके बाद मारपीट हो गई।वहीं तौलन पक्ष का कहना है कि वे बंटवारे में उनके हिस्से में आई जमीन पर ही मकान का निर्माण करा रहे थे। आरोप है कि दूसरे पक्ष के लोगों ने निर्माण कार्य रोकने का प्रयास किया और इसी बात को लेकर मारपीट शुरू हुई।घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को संभालते हुए दोनों पक्षों के लोगों को थाने बुलाया। पुलिस ने घायलों के संबंध में जानकारी जुटाने के साथ ही विवाद के कारणों की पड़ताल शुरू कर दी है।थानाध्यक्ष संतोष कुमार तिवारी ने बताया कि दोनों पक्षों से मिली तहरीर के आधार पर मामले की जांच की जा रही है। जांच में सामने आने वाले तथ्यों और साक्ष्यों के आधार पर आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी।




