दो प्रधानों के कार्यकाल में बना पंचायत भवन जर्जर, सामुदायिक शौचालय पर भी सवाल

बहराइच। विकासखंड विशेश्वरगंज क्षेत्र की ग्राम सभा कटोरवा में पंचायत भवन की बदहाल स्थिति को लेकर ग्रामीणों ने सवाल उठाए हैं। ग्रामीणों का आरोप है कि पूर्व प्रधान रिंकू मिश्रा और वर्तमान प्रधान रघुबर दयाल गोस्वामी के कार्यकाल में पंचायत भवन का निर्माण कराया गया, लेकिन उचित देखरेख के अभाव में भवन अब जर्जर हालत में पहुंच गया है।
ग्रामीणों के मुताबिक, गांव में निर्मित सामुदायिक शौचालय भी नियमित रूप से नहीं खुलता है। इसकी देखरेख के लिए दो महिला केयरटेकर की ड्यूटी लगाए जाने की बात कही जा रही है, लेकिन आरोप है कि दोनों नियमित रूप से मौके पर नहीं आती हैं। इसके बावजूद मानदेय दिए जाने को लेकर भी ग्रामीणों ने सवाल उठाए हैं।
ग्रामीणों का कहना है कि सरकार की ओर से गांवों के विकास के लिए धनराशि खर्च की जा रही है, लेकिन धरातल पर मूलभूत सुविधाओं की स्थिति चिंताजनक बनी हुई है। पंचायत भवन की जर्जर हालत और सामुदायिक शौचालय के संचालन की स्थिति की जांच कराकर जिम्मेदारी तय किए जाने की मांग की गई है।
ग्रामीणों ने पंचायत भवन, सामुदायिक शौचालय और गांव के रास्तों की स्थिति दुरुस्त कराने के साथ ही पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराकर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग संबंधित अधिकारियों से की है।



