नारी सुरक्षा, सम्मान और आत्मनिर्भरता को लेकर महिलाओं एवं बालिकाओं को किया जागरूक

दैनिक बुद्ध का संदेश
श्रावस्ती। नारी सुरक्षा, सम्मान एवं आत्मनिर्भरता के संकल्प के साथ श्रावस्ती पुलिस द्वारा मिशन शक्ति फेज-5 के द्वितीय चरण के तहत जनपद में व्यापक जनजागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। पुलिस अधीक्षक राहुल भाटी के निर्देशन तथा अपर पुलिस अधीक्षक चंद्रकेश सिंह एवं समस्त क्षेत्राधिकारीगण के पर्यवेक्षण में शक्ति मोबाइल टीम द्वारा ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों सहित विभिन्न सार्वजनिक स्थानों पर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए। इस दौरान चौपाल, संवाद एवं जनसंपर्क कार्यक्रमों के माध्यम से महिलाओं और बालिकाओं को उनकी सुरक्षा, कानूनी अधिकारों एवं पुलिस द्वारा उपलब्ध कराई जा रही सहायता सेवाओं के बारे में जानकारी दी गई। महिलाओं को निडर होकर अपनी बात रखने तथा किसी भी प्रकार की समस्या होने पर तत्काल पुलिस को सूचना देने के लिए प्रेरित किया गया। अभियान के दौरान साइबर अपराधों से बचाव को लेकर भी विशेष जागरूकता फैलाई गई। महिलाओं एवं बालिकाओं को सोशल मीडिया फ्रॉड, ऑनलाइन ठगी, फर्जी कॉल, फर्जी वेबसाइट और संदिग्ध लिंक से सावधान रहने की सलाह दी गई। साथ ही ओटीपी, बैंकिंग विवरण और अन्य गोपनीय जानकारी किसी के साथ साझा न करने तथा मजबूत पासवर्ड का इस्तेमाल करने के लिए जागरूक किया गया। पुलिस टीम ने साइबर अपराध की स्थिति में तत्काल साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर शिकायत दर्ज कराने की जानकारी भी दी। इसके अलावा विभिन्न महिला हेल्पलाइन नंबरों, न्च्ब्व्च् ऐप और ब्ब्ज्छै प्रणाली के माध्यम से उपलब्ध सुविधाओं की जानकारी देते हुए महिलाओं को इनका अधिकाधिक उपयोग करने के लिए प्रेरित किया गया। कार्यक्रम के दौरान शासन द्वारा संचालित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी भी महिलाओं को दी गई और पात्र लाभार्थियों को योजनाओं का लाभ लेने के लिए प्रोत्साहित किया गया। जनपद के सभी थानों पर स्थापित मिशन शक्ति केंद्र एवं साइबर हेल्प डेस्क के संबंध में जानकारी देते हुए जागरूकता सामग्री का वितरण भी किया गया। श्रावस्ती पुलिस का यह अभियान महिलाओं एवं बालिकाओं को सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराने के साथ-साथ उन्हें अपने अधिकारों के प्रति जागरूक और आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में लगातार जारी है। जागरूकता कार्यक्रम में महिलाओं एवं बालिकाओं ने उत्साहपूर्वक सहभागिता करते हुए महिला सुरक्षा और साइबर सुरक्षा से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियां प्राप्त कीं।




