कोड़री घाट पर कटान रोधी कार्यों का डीएम ने लिया जायजा
राप्ती नदी के कटान से सुरक्षा को 100 से अधिक श्रमिक तैनात, पर्याप्त सामग्री का स्टॉक रखने के निर्देश

दैनिक बुद्ध का संदेश
बलरामपुर। जिलाधिकारी डॉ. विपिन कुमार जैन ने कोड़री घाट पहुंचकर बाढ़ खंड द्वारा कराए जा रहे कटान रोधी एवं तटबंध सुरक्षा कार्यों का स्थलीय निरीक्षण किया। उन्होंने राप्ती नदी के बाएं तट पर कटान की स्थिति का जायजा लेते हुए मौके पर चल रहे सुरक्षात्मक कार्यों की जानकारी ली। बाढ़ खंड के अधिकारियों ने बताया कि कोड़री घाट पर कटान को नियंत्रित करने के लिए युद्धस्तर पर कार्य कराया जा रहा है। लगातार किए जा रहे कटान रोधी कार्यों के चलते वर्तमान में कटान स्थिर है और कोड़री घाट तटबंध पूरी तरह सुरक्षित है। कटान रोकने और तटबंध की सुरक्षा के लिए बम्बू क्रेट, पॉर्क्युपाइन, जियो सीट, ट्री स्पर, नायलॉन क्रेट और गेबियन क्रेट सहित विभिन्न सुरक्षात्मक उपाय किए जा रहे हैं। नदी के प्रवाह और संवेदनशील स्थानों पर विशेष निगरानी रखते हुए कार्य लगातार जारी है। अधिशासी अभियंता बाढ़ खंड ने बताया कि कार्य में तेजी लाने के लिए मौके पर 100 से अधिक श्रमिक लगाए गए हैं। कटान रोधी कार्यों में उपयोग होने वाली आवश्यक सामग्री पर्याप्त मात्रा में उपलब्ध है और आकस्मिक स्थिति से निपटने के लिए अतिरिक्त स्टॉक भी रखा गया है। जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि कटान प्रभावित और संवेदनशील स्थलों पर 24 घंटे सतत निगरानी रखी जाए। नदी के जलस्तर और प्रवाह में किसी भी बदलाव की स्थिति में तत्काल आवश्यक सुरक्षात्मक कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। उन्होंने कहा कि आवश्यकता पड़ने पर बिना विलंब कार्य शुरू हो सके, इसके लिए मशीनरी की उपलब्धता हर समय सुनिश्चित रखी जाए। डीएम ने बाढ़ खंड अधिकारियों को निर्देशित किया कि तटबंध की सुरक्षा सर्वाेच्च प्राथमिकता पर रखते हुए कार्य में किसी प्रकार की शिथिलता न बरती जाए। नदी के व्यवहार पर लगातार नजर रखते हुए सभी एहतियाती और कटान रोधी उपाय समय से सुनिश्चित किए जाएं। निरीक्षण के दौरान अधिशासी अभियंता बाढ़ खंड भरतराम, सहायक अभियंता विजय सिंह, अनिरुद्ध प्रताप, अंकित वर्मा, अनुज कुमार और आपदा विशेषज्ञ अरुण सिंह मौजूद रहे।




