बनकटा में बुजुर्गों से पुलिस ने पूछा हाल, समस्याएं सुनकर दिया सुरक्षा का भरोसा

दैनिक बुद्ध का संदेश
खेसरहा। कम्युनिटी पुलिसिंग अभियान के तहत सोमवार को थाना खेसरहा की कम्युनिटी पुलिस टीम ने ग्राम बनकटा में जनसंवाद एवं गोष्ठी आयोजित की। इस दौरान पुलिसकर्मियों ने 70 वर्ष से अधिक उम्र के बुजुर्गों और दिव्यांगजनों से सीधे संवाद कर उनकी समस्याएं, सुरक्षा और कुशलक्षेम की जानकारी ली। गोष्ठी में पुलिस टीम ने बुजुर्गों से पूछा कि उन्हें किसी प्रकार की परेशानी तो नहीं है और सरकारी योजनाओं का लाभ नियमित रूप से मिल रहा है या नहीं। ग्रामीणों ने बताया कि उन्हें वृद्धावस्था पेंशन का लाभ नियमित रूप से मिल रहा है। किसी अन्य समस्या की जानकारी भी ग्रामीणों ने पुलिस टीम को नहीं दी। पुलिस ने कहा कि किसी भी आपात स्थिति, असुरक्षा अथवा परेशानी की स्थिति में घबराने के बजाय तत्काल पुलिस से संपर्क करें। ग्रामीणों को कम्युनिटी पुलिसिंग यूनिट टीम का संपर्क नंबर भी उपलब्ध कराया गया, ताकि जरूरत पड़ने पर पुलिस तक आसानी से सूचना पहुंचाई जा सके। यह अभियान वरिष्ठ नागरिकों को सुरक्षा का भरोसा देने और पुलिस-पब्लिक के बीच संवाद को मजबूत करने के उद्देश्य से चलाया जा रहा है। कार्यक्रम में पुलिस टीम ने बुजुर्गों को भरोसा दिलाया कि उनकी समस्याओं को गंभीरता से लिया जाएगा और आवश्यकता पड़ने पर पुलिस तत्काल मदद के लिए उपलब्ध रहेगी। कार्यक्रम थाना प्रभारी अनुप कुमार मिश्र के नेतृत्व में हुआ। टीम में उपनिरीक्षक वीरेंद्र सिंह, हेड कांस्टेबल राहुल सिंह, ओमप्रकाश उपाध्याय और महिला कांस्टेबल बिनीता सिंह शामिल रहीं।




