बंद पड़े शिक्षा का मंदिर बना चोर-उचक्कों और नशेड़ियों का अड्डा
ग्रामीणों ने संपर्क मार्ग पर पुलिस गश्त बढ़ाने की उठाई मांग

दैनिक बुद्ध का संदेश
बढ़नी/सिद्धार्थनगर। ढेबरुआ थाना क्षेत्र में नशे के कारोबार पर प्रभावी अंकुश नहीं लगने से असामाजिक तत्वों की गतिविधियां बढ़ने की शिकायत सामने आ रही है। ब्लाक मुख्यालय बढ़नी से पूरब मधवानगर जाने वाले संपर्क मार्ग के किनारे वर्षों से बंद पड़ा एक निजी विद्यालय अब कथित तौर पर चोर-उचक्कों और नशेड़ियों का सुरक्षित ठिकाना बन गया है। विद्यालय भवन में शरारती तत्वों की आवाजाही से आसपास के ग्रामीणों के साथ ही इस रास्ते से गुजरने वाली महिलाओं, छात्र-छात्राओं और राहगीरों में भय का माहौल है। जानकारी के अनुसार मधवानगर गांव से पश्चिम दिशा में ब्लाक मुख्यालय बढ़नी जाने वाले संपर्क मार्ग के किनारे रायल पब्लिक स्कूल नाम से एक निजी विद्यालय संचालित होता था। पिछले कुछ वर्षों से किसी कारणवश विद्यालय बंद पड़ा है। ग्रामीणों का आरोप है कि विद्यालय का संचालन बंद होने के बाद भवन के ताले तोड़कर कुछ असामाजिक तत्वों ने परिसर को अपना ठिकाना बना लिया है। स्थानीय लोगों के मुताबिक विद्यालय परिसर में देर शाम और रात के समय संदिग्ध लोगों की आवाजाही रहती है। आरोप है कि कुछ अपराधी प्रवृत्ति के लोग वहां आग जलाकर मुर्गा भूनने के साथ शराब का सेवन करते हैं। इससे आसपास के लोगों को असुरक्षा का एहसास होता है। ग्रामीणों का यह भी आरोप है कि उक्त मार्ग से गुजरने वाली महिलाओं और छात्र-छात्राओं पर कुछ शरारती तत्व अभद्र टिप्पणियां करते हैं। कई महिलाएं और छात्राएं लोकलाज तथा सामाजिक संकोच के कारण इस संबंध में खुलकर शिकायत करने से भी बचती हैं। विद्यालय परिसर में संदिग्ध लोगों की लगातार आवाजाही को लेकर स्थानीय लोगों में चिंता बढ़ती जा रही है। ग्रामीणों का कहना है कि ब्लाक मुख्यालय तक आने-जाने के लिए यह महत्वपूर्ण संपर्क मार्ग है। प्रतिदिन बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं, महिलाओं और अन्य लोगों का आवागमन होता है। ऐसे में बंद पड़े विद्यालय परिसर में असामाजिक तत्वों का जमावड़ा किसी अप्रिय घटना का कारण बन सकता है। स्थानीय लोगों ने पुलिस और प्रशासन के उच्चाधिकारियों से मामले का संज्ञान लेते हुए बंद विद्यालय भवन की जांच कराने, वहां जमा होने वाले शरारती तत्वों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने तथा बढ़नी ब्लाक मुख्यालय से मधवानगर जाने वाले संपर्क मार्ग पर नियमित पुलिस गश्त बढ़ाने की मांग की है। ग्रामीणों ने नशे के अवैध कारोबार पर भी प्रभावी कार्रवाई किए जाने की मांग उठाई है।




