प्लास्टिक कचरा कम करने को NAPSA ने चलाया जागरूकता अभियान

बहराइच। नॉन-एडेडेड प्राइवेट स्कूल एसोसिएशन (NAPSA) बहराइच की ओर से सोमवार को सिटी ऑडिटोरियम में प्लास्टिक कचरा कम करने और पर्यावरण संरक्षण के प्रति जन-जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से जागरूकता अभियान आयोजित किया गया। कार्यक्रम में एमएलसी डॉ. प्रज्ञा त्रिपाठी, मुख्य विकास अधिकारी सुनील धनवंता, डीएसपी हर्षिता तिवारी, अधिशासी अधिकारी नगर पालिका बहराइच प्रमिता सिंह, जिला प्रचारक अजय जी तथा NAPSA चेयरमैन अजीत सिंह समेत शिक्षाविद, विद्यालय प्रबंधक और जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।
कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों ने भाषण, गणेश वंदना, काव्य-पाठ और नुक्कड़ नाटकों के माध्यम से प्लास्टिक प्रदूषण से होने वाले दुष्प्रभावों को प्रभावी ढंग से प्रस्तुत किया। छात्र-छात्राओं ने लोगों को सिंगल यूज प्लास्टिक का प्रयोग कम करने, स्वच्छता अपनाने और पर्यावरण संरक्षण के प्रति जिम्मेदार बनने का संदेश दिया।
वक्ताओं ने कहा कि प्लास्टिक कचरे पर नियंत्रण केवल प्रशासन की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक की सामूहिक जिम्मेदारी है। दैनिक जीवन में प्लास्टिक का उपयोग कम कर कपड़े या अन्य पुन: उपयोग योग्य थैलों को अपनाकर पर्यावरण संरक्षण में महत्वपूर्ण योगदान दिया जा सकता है। कार्यक्रम के माध्यम से स्वच्छ, स्वस्थ और पर्यावरण के अनुकूल बहराइच के निर्माण के लिए सामूहिक भागीदारी का आह्वान किया गया।



