त्योहारों को लेकर पीस कमेटी की बैठक, सौहार्द बिगाड़ने वालों पर होगी सख्त कार्रवाई
त्योहारों पर शांति व्यवस्था बनाए रखने के दिए निर्देश

विशेश्वरगंज/बहराइच। आगामी बारावफात, जन्माष्टमी एवं रक्षाबंधन पर्व को शांतिपूर्ण, सुरक्षित और सौहार्दपूर्ण माहौल में संपन्न कराने के उद्देश्य से सोमवार को थाना विशेश्वरगंज परिसर में पीस कमेटी की बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता क्षेत्राधिकारी पयागपुर हर्षिता तिवारी ने की, जबकि संचालन थानाध्यक्ष संदीप द्विवेदी ने किया।
बैठक में क्षेत्र के जनप्रतिनिधियों, ग्राम प्रधानों, धर्मगुरुओं एवं संभ्रांत नागरिकों ने सहभागिता की। प्रमुख रूप से प्रधान अभिषेक तिवारी, इस्तियाक खां, रज्जब अली, बकरीदी समेत बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मौजूद रहे।
क्षेत्राधिकारी हर्षिता तिवारी ने कहा कि सभी पर्व आपसी भाईचारे और सामाजिक सौहार्द के प्रतीक हैं। उन्होंने लोगों से आपसी सहयोग एवं सद्भाव के साथ त्योहार मनाने तथा किसी भी अफवाह या भ्रामक सूचना पर ध्यान न देने की अपील की। उन्होंने कहा कि सोशल मीडिया पर प्रसारित होने वाली भ्रामक एवं आपत्तिजनक पोस्ट पर पुलिस की विशेष निगरानी रहेगी। शांति व्यवस्था प्रभावित करने वालों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
थानाध्यक्ष संदीप द्विवेदी ने डीजे एवं जुलूस आयोजकों को शासन द्वारा निर्धारित ध्वनि मानकों का पालन करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि तेज आवाज में डीजे बजाने, यातायात बाधित करने अथवा कानून-व्यवस्था प्रभावित करने की अनुमति नहीं होगी। उन्होंने लोगों से किसी भी संदिग्ध गतिविधि या विवाद की सूचना तत्काल पुलिस को देने की अपील की।



