न सड़क सुधरी, न जलनिकासी की व्यवस्था गंदगी और जलभराव से जूझ रहा हटवा गोपाल
बदहाल आरआरसी सेंटर भी जिम्मेदारों को दिखा रहा आईना

पयागपुर (बहराइच)। विकासखंड पयागपुर की ग्राम सभा हटवा गोपाल में बदहाल सड़क, जलभराव, गंदगी और सफाई व्यवस्था की अनदेखी ग्रामीणों के लिए मुसीबत बन गई है। दादू पंडित की दुकान से राम अनुज यादव के मकान तक जाने वाली सड़क लंबे समय से जर्जर है। बारिश के बाद रास्ते पर जलभराव और कीचड़ जमा होने से ग्रामीणों का पैदल निकलना तक मुश्किल हो गया है। ग्रामीणों का कहना है कि रोजमर्रा के काम के लिए उन्हें इसी बदहाल रास्ते से होकर गुजरना पड़ता है।
ग्रामीणों के मुताबिक, समस्या के समाधान के लिए मुख्यमंत्री हेल्पलाइन 1076 पर तीन बार शिकायत दर्ज कराई जा चुकी है, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। ग्राम प्रधान से भी कई बार शिकायत की गई, जहां जल्द काम शुरू कराने का आश्वासन मिला, लेकिन धरातल पर हालात जस के तस हैं। तहसील स्तर पर भी लिखित प्रार्थना पत्र दिया जा चुका है।
लाखों की लागत से बना आरआरसी सेंटर भी बदहाल
ग्राम पंचायत में कूड़ा प्रबंधन के लिए बनाया गया आरआरसी सेंटर भी देखरेख के अभाव में जीर्ण-शीर्ण अवस्था में पहुंच गया है। ग्रामीणों के अनुसार, यह सेंटर पूर्व प्रधान के घर के पास बाग में बनाया गया है, लेकिन उपयोग और रखरखाव के अभाव में इसकी स्थिति लगातार खराब होती जा रही है।
गलियां और नालियां बनीं परेशानी का सबब
गांव की गलियां गंदगी और कीचड़ से पटी हैं। नालियों में पानी भरा हुआ है और उसके निकास की समुचित व्यवस्था नहीं है। इससे मच्छरों का प्रकोप बढ़ने के साथ संक्रामक बीमारियों का खतरा भी बना हुआ है। ग्रामीणों का आरोप है कि सफाई व्यवस्था कागजों तक सीमित होकर रह गई है।
स्थानीय ग्रामीण विशाल यादव, राम अनुज यादव, राम गोविंद यादव, विक्रम यादव, जगराम यादव और अमित यादव ने संबंधित विभाग एवं उच्चाधिकारियों से तत्काल मौके का निरीक्षण कराने की मांग की है। ग्रामीणों ने जर्जर सड़क का मरम्मत अथवा नवनिर्माण कराने के साथ नालियों की सफाई, जलनिकासी की व्यवस्था और आरआरसी सेंटर की बदहाली दूर कराने की मांग उठाई है। अब देखना यह है कि बार-बार की शिकायतों के बाद जिम्मेदार विभाग गांव की समस्या का समाधान कब तक कराता है।



