सिद्धार्थनगर में तेज रफ्तार पर लगेगी लगाम,
जगिया क्षेत्र में शुरू हुई इंटरसेप्टर मशीन से वाहनों की जांच

सिद्धार्थनगर जिले में तेज रफ्तार वाहन चालकों पर अब कड़ी कार्रवाई की जा रही है। यातायात पुलिस द्वारा ई-चालान के लिए आधुनिक इंटरसेप्टर मशीन का प्रयोग शुरू कर दिया गया है। यह अभियान तेज गति से चलने वाले वाहनों पर नियंत्रण लगाने के उद्देश्य से चलाया जा रहा है।
उप निरीक्षक यातायात मोहम्मद सईद ने बताया कि इंटरसेप्टर मशीन रडार गन और हाई-रेजोल्यूशन कैमरे से लैस है। यह मशीन चलती गाड़ियों की गति का सटीक आकलन करती है और तेज रफ्तार पाए जाने पर संबंधित वाहन का डिजिटल साक्ष्य तैयार कर सीधे वाहन मालिक के पास ई-चालान भेजने में सहायक होती है।
उन्होंने बताया कि इस तकनीक से विवाद की संभावना कम होती है, क्योंकि वाहन को रोककर चालान करने या चालक को समझाने की आवश्यकता नहीं पड़ती। मशीन द्वारा प्राप्त डिजिटल साक्ष्य पूरी तरह पारदर्शी और विश्वसनीय होते हैं। यह प्रणाली एआई तकनीक के माध्यम से काम करती है और बिना किसी मानवीय हस्तक्षेप के नियमों के अनुसार कार्रवाई सुनिश्चित करती है।
अभियान के दौरान उप निरीक्षक यातायात मोहम्मद शाहिद, यातायात पुलिस के उमेश आशीष, नागेश्वर मिश्रा और मनोज कुमार सहित अन्य पुलिसकर्मी मौजूद रहे। यातायात पुलिस ने बताया कि सड़क सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए तेज रफ्तार वाहनों के खिलाफ यह चेकिंग अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।




