नेपालगंज रोड स्टेशन का हुआ भव्य शुभारंभ, रेल सुविधाओं के विस्तार को मिली नई रफ्तार
केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने वर्चुअल माध्यम से की सहभागिता, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने रिमोट से किया उद्घाटन

बहराइच। जिले के नेपालगंज रोड रेलवे स्टेशन के नवविकसित स्वरूप का सोमवार को विधिवत शुभारंभ किया गया। केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने वर्चुअल माध्यम से कार्यक्रम में सहभागिता की, जबकि उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने रिमोट के माध्यम से स्टेशन का शुभारंभ किया। कार्यक्रम के दौरान जनप्रतिनिधियों, रेलवे अधिकारियों, कर्मचारियों और बड़ी संख्या में स्थानीय लोगों की मौजूदगी रही।
स्टेशन के नवविकसित स्वरूप के शुभारंभ को क्षेत्र में रेल सुविधाओं के विस्तार की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। कार्यक्रम को लेकर स्टेशन परिसर को आकर्षक ढंग से सजाया गया था। शुभारंभ के दौरान मौजूद लोगों में खासा उत्साह देखने को मिला।
नेपालगंज रोड रेलवे स्टेशन के विकसित होने से बहराइच और आसपास के ग्रामीण एवं कस्बाई क्षेत्रों के यात्रियों को बेहतर रेल सुविधाएं मिलने की उम्मीद है। स्टेशन से ट्रेनों के संचालन और सुविधाओं के विस्तार से यात्रियों को आवागमन में सहूलियत मिलने के साथ ही क्षेत्र के आर्थिक एवं सामाजिक विकास को भी गति मिलने की संभावना जताई जा रही है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि लंबे समय से क्षेत्र को बेहतर रेल कनेक्टिविटी की आवश्यकता महसूस की जा रही थी। स्टेशन के नवविकसित स्वरूप के शुभारंभ से उनकी उम्मीदें बढ़ी हैं। लोगों ने इसे क्षेत्र के लिए महत्वपूर्ण उपलब्धि बताते हुए रेल सुविधाओं के निरंतर विस्तार की अपेक्षा जताई।




