खेल विकास को लेकर जिला क्रीड़ा अधिकारी से हुई चर्चा
दैनिक बुद्ध का सन्देश
सिद्धार्थनगर। जनपद में खेल गतिविधियों को बढ़ावा देने और खिलाड़ियों की समस्याओं के समाधान को लेकर विभिन्न खेल संगठनों के पदाधिकारियों ने नवागत जिला क्रीड़ा अधिकारी से मुलाकात की। जिला स्पोर्ट्स स्टेडियम में हुई बैठक के दौरान खेलों के विकास से जुड़े कई महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा की गई।पदाधिकारियों ने जिला क्रीड़ा अधिकारी का स्वागत करते हुए जनपद में खेल प्रतिभाओं को बेहतर अवसर उपलब्ध कराने, खेल प्रतियोगिताओं के नियमित आयोजन तथा खिलाड़ियों को आवश्यक सुविधाएं मुहैया कराने की मांग उठाई। उन्होंने कहा कि सिद्धार्थनगर में प्रतिभाशाली खिलाड़ियों की कमी नहीं है, आवश्यकता उन्हें उचित मार्गदर्शन और संसाधन उपलब्ध कराने की है।जिला क्रीड़ा अधिकारी ने खेल संगठनों के प्रतिनिधियों को आश्वस्त किया कि खिलाड़ियों के हितों को प्राथमिकता देते हुए खेल सुविधाओं के विस्तार और खेल गतिविधियों को गति देने के लिए प्रयास किए जाएंगे। उन्होंने सभी खेल संगठनों से समन्वय बनाकर कार्य करने की अपील की।बैठक में जनपद में एथलेटिक्स, क्रिकेट, फुटबॉल, कबड्डी समेत विभिन्न खेलों के विकास और आगामी खेल आयोजनों की रूपरेखा पर भी विचार-विमर्श किया गया। इस दौरान कई खेल संगठनों के पदाधिकारी एवं खेल प्रेमी उपस्थित रहे।



