दीवार गिरने से गंभीर रूप से घायल मरीज को एंबुलेंस टीम ने दिया नया जीवन

दैनिक बुद्ध का संदेश
सिद्धार्थनगर। जनपद के ग्राम बरदहा, थाना उसका बाजार निवासी रामदेव पुत्र गोकुल उस समय गंभीर रूप से घायल हो गए, जब उनके ऊपर अचानक एक पुरानी जर्जर दीवार भरभराकर गिर गई। हादसे में उन्हें कमर सहित पूरे शरीर पर गंभीर चोटें आईं और उनकी स्थिति चिंताजनक हो गई।घटना की सूचना तत्काल 108 आपातकालीन सेवा को दी गई, लेकिन उस समय निकटतम 108 एंबुलेंस अन्य केस में व्यस्त थी। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए सीएचसी उसका बाजार से 102 एंबुलेंस को मौके पर भेजा गया। एंबुलेंस पर तैनात ईएमटी करन शाह एवं पायलट देवप्रकाश राय ने तत्परता दिखाते हुए लगभग 6 किलोमीटर की दूरी मात्र 9 मिनट में तय की। इस दौरान उन्होंने फोन पर कॉलर को आवश्यक प्राथमिक उपचार संबंधी निर्देश भी दिए, जिससे मरीज को प्रारंभिक सहायता मिल सकी।मौके पर पहुंचते ही टीम ने बिना समय गंवाए घायल मरीज को सुरक्षित रूप से एंबुलेंस में शिफ्ट किया तथा ईआरसीपी डॉक्टर सौरभ जी के चिकित्सकीय दिशा-निर्देशों के अनुसार उसे तत्काल सीएचसी उसका बाजार पहुंचाकर भर्ती कराया।सीएचसी में चिकित्सकों द्वारा आवश्यक जांच एवं उपचार के बाद मरीज की गंभीर स्थिति को देखते हुए उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। इसके बाद 108 एंबुलेंस की सहायता से मरीज को सुरक्षित जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उसका उपचार जारी है।सीएचसी उसका बाजार के डॉक्टर अजय जी के अनुसार, एंबुलेंस टीम की त्वरित कार्रवाई, कुशल प्रबंधन और ईएमटी के अथक प्रयासों के कारण मरीज की स्थिति में उल्लेखनीय सुधार देखने को मिला है।मरीज के परिजनों तथा चिकित्सकों ने उत्तर प्रदेश सरकार की एंबुलेंस सेवा और एंबुलेंस कर्मियों की कार्यकुशलता, समर्पण एवं मानवीय सेवा भावना की सराहना करते हुए उनका आभार व्यक्त किया।समय पर पहुंची एंबुलेंस, सही निर्णय और प्रशिक्षित ईएमटी की तत्परता ने एक गंभीर मरीज को नया जीवन देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।



